खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे केबल टूटा,एक श्रद्धालु की मौत

महासमुंद। खल्लारी स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में संचालित रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। घटना के समय रोप-वे में श्रद्धालु सवार थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। केबल टूटते ही ट्रॉली झटके के साथ नीचे की ओर आई, जिससे उसमें बैठे लोग घायल हो गए। घटना सुबह 10.30 बजे की बतायी जा रही है। 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने से एक युवती की मौत हो गई हैं वहीं कुछ लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। हादसे में कुल 17 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। नीचे वाली ट्राली में 9 लोग और ऊपर वाली ट्राली में 8 लोग सवार थे। मौके पर मौजूद लोगों और मंदिर प्रबंधन व पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।स्थानीय लोगों ने रोप-वे की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रशासन ने मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञात हो कि नवरात्र जारी है और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ है।
घायलों के नाम – रतनलाल नागेश्वर 65, हेमिन नागेश्वर 62, हेमलाल नागेश्वर 38, कुंती नागेश्वर 35, पूर्वी नागेश्वर 7, टिया 3, अमलेश 30, (सभी टिकरापारा रायपुर निवासी), कुमेश साहू 42, तोमेश्वरी साहू 38, हर्ष साहू 9 (सभी दलदल सिवनी, रायपुर निवासी), ऋषभ धावरे 29, छायांश धावरे 16, आयुषी शतकर 28, मानसी गड़रिया 13 (आदर्श नगर महासमुंद निवासी), नमिता स्वामी 48, अंकुष्मिता स्वामी 10 तथा गोविंद स्वामी 47 (तीनों स्वामी चौक महासमुंद निवासी।)।
सीएम ने दिए घटना की जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।







