पीएम आशा योजना के तहत किसानों का पंजीयन 28 फरवरी तक

गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा योजना) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के तहत किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। यह पंजीयन आगामी 28 फरवरी तक किया जाएगा। योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन तथा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना, मसूर एवं सरसों की फसल बोने वाले किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से किया जाना है।
कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से सेवा सहकारी समितियों में आवेदन पत्र जमा कर पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन हेतु ऋण पुस्तिका, बी-1, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करना आवश्यक होगा। किसान https://kisan.cg.nic.in/ पोर्टल के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं। योजना के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर चिन्हांकित केंद्रीय एजेंसी भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नेफेड) द्वारा पंजीकृत किसानों की उपज का उपार्जन किया जाएगा।
भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य जिसमें अरहर 8000, मूंग 8768, उड़द 7800, मूंगफली 7263, सोयाबीन 5328, चना 5875, मसूर 7000, सरसों 6500 रुपये प्रति क्विंटल जिले में उपार्जन एवं भंडारण के लिए विकासखण्ड पेण्ड्रा अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या. पेण्ड्रा तथा छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउस, पेण्ड्रारोड को उपार्जन केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर सप्ताह में पांच दिन (सोमवार से शुक्रवार) किसानों से उपज की खरीदी की जाएगी। योजना के तहत प्रति एकड़ खरीदी की अधिकतम सीमा भी निर्धारित की गई है। खरीफ फसल में अरहर, मूंग एवं उड़द 3-3 क्विंटल प्रति एकड़, मूंगफली 7 क्विंटल प्रति एकड़ तथा सोयाबीन 5 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी।







