बस्तर ओलम्पिक के लिए पंजीयन शुरू

जगदलपुर। बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने ’’बस्तर ओलम्पिक 2025’’ खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव वर्ष में आयोजित किए जा रहे उक्त बस्तर ओलम्पिक प्रतियोगिता के लिए 22 सितम्बर से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जो आगामी 20 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। इस बस्तर ओलम्पिक आयोजन में विकासखंड स्तर से संभाग स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग (केवल जिला एवं संभाग स्तर पर) कराते, कबड्डी, खो-खो एवं व्हालीबॉलछ और केवल सीनियर वर्ग की महिलाओं के लिए रस्साकस्सी खेल इवेंट्स सम्मिलित होंगे। यह प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित होंगी। माओवादी हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं आत्मसमर्पित पूर्व माओवाद सदस्यों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें सीधे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर प्रदान किया जाएगा। राज्य शासन के द्वारा बस्तर ओलम्पिक 2025 आयोजन सम्बन्धी जारी दिशा-निर्देश के अनुसार विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 25 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2025 तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 05 नवम्बर से 15 नवम्बर 2025 तक और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 24 नवम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर हरिस एस ने इस बस्तर ओलम्पिक में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए जिले के युवाओं एवं ग्रामीणों से अधिकाधिक पंजीयन करवाने का आग्रह करते हुए कहा है कि उक्त आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा युवाओं को मुख्यधारा में अधिक से अधिक जोड़ना है।
