रायपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों पर चलाया सख्त अभियान

राजधानी रायपुर में सड़क हादसों को रोकने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग कर 614 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी क्रम में 8 मार्च 2026 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें छह अलग-अलग प्वाइंट पर जांच के दौरान 86 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इस दौरान ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी कारें भी पुलिस की पकड़ में आईं। पुलिस के अनुसार, रायपुर में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में करीब 600 लोगों की मौत होती है, जिनमें कई मामलों में दुर्घटना का मुख्य कारण नशे की हालत में वाहन चलाना होता है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और तेज रफ्तार से बचें







