रायपुर पुलिस प्रशासन ने मालवीय रोड को किया नो-वेंडिंग और नो-पार्किंग जोन घोषित

रायपुर। रायपुर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्रों में से मालवीय रोड, जी.ई. रोड और के.के. रोड को व्यवस्थित करने की छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की मुहिम रंग लाई है। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी के कुशल नेतृत्व और सतत प्रयासों के फलस्वरूप, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला द्वारा इन प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को नो-वेंडिंग और नो-पार्किंग जोन घोषित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि विगत 28 जनवरी 2026 को चेम्बर भवन में श्री सतीश थौरानी की अध्यक्षता में नगर निगम और पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में श्री थौरानी ने मालवीय रोड के व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से मांग की थी कि फुटपाथों से अवैध कब्जा हटाया जाए और बाजार को सुव्यवस्थित करने के लिए इसे नो वेंडर जोन बनाया जाए।
मालवीय रोड शारदा चैक व्यापारी संघ के अध्यक्ष एवं चेम्बर अनुशासन समिति सदस्य श्री तरल मोदी तथा संघ के महामंत्री एवं चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेश वासवानी ने एक औपचारिक पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को आवेदन देकर मालवीय रोड की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण के विरुद्ध नो वेंडर जोन बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग की थी।
चेम्बर की इस मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला ने नई कार्ययोजना लागू की है जिसके तहत मालवीय रोड, जी.ई. रोड और के.के. रोड पर अब ठेले-गुमटी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रमुख तिराहों और चैराहों से 50 मीटर की दूरी तक नो-पार्किंग जोन सख्ती से लागू होगा। रिंग रोड-1 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ रोजाना विशेष अभियान चलाया जाएगा। शहर के 18 प्रमुख चैराहों को लेफ्ट फ्री किया जाएगा, जिससे ग्राहकों और व्यापारियों को आवागमन में सुगमता होगी।
चेम्बर की इस बड़ी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि यह जीत राजधानी के हर उस व्यापारी की है जो वर्षों से ट्रैफिक और अतिक्रमण की मार झेल रहा था। प्रशासन का यह निर्णय न केवल बाजार की रौनक वापस लाएगा, बल्कि व्यापार में भी वृद्धि होगी। हम प्रशासन को इस कदम के लिए धन्यवाद देते हैं और पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हैं।







