Chhattisgarh

रायपुर महापौर मीनल चौबे संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय मेयर फोरम में शामिल होने जापान पहुंचीं

Share

रायपुर। संयुक्त राष्ट्र सतत विकास कार्यालय (UNOSD) द्वारा 14 से 16 अक्टूबर 2025 तक जापान के टोयोटा सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मेयर फोरम 2025 में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे शामिल हो रही हैं। यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (UNDESA), UN-Habitat, संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय विकास केंद्र (UNCRD) और टोयोटा सिटी के सहयोग से किया जा रहा है।

इस वैश्विक फोरम में विभिन्न देशों की राष्ट्रीय सरकारों, स्थानीय निकायों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) और 2030 एजेंडा को स्थानीय स्तर पर लागू करने की दिशा में प्रयासों को गति देना है। इसमें सहभागी प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की सफल पहलें और नीति अनुभव साझा करेंगे, ताकि विश्व स्तर पर टिकाऊ विकास की दिशा में ठोस सहयोग सुनिश्चित किया जा सके।

यह फोरम Financing for Development 2025 जैसे वैश्विक एजेंडा को आगे बढ़ाने का भी एक अवसर है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए महापौर मीनल चौबे को संयुक्त राष्ट्र द्वारा आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन में प्रतिभागियों की यात्रा, आवास और अन्य खर्चों की व्यवस्था संयुक्त राष्ट्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।

रायपुर महापौर मीनल चौबे इस तीन दिवसीय सम्मेलन में शहर के सतत विकास, पर्यावरण प्रबंधन और स्थानीय शासन से जुड़ी पहलें साझा करेंगी। यह अंतरराष्ट्रीय फोरम वैश्विक मंच पर रायपुर नगर निगम की पहचान को और सशक्त बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

You said:
GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button