बेसमेंट सीलिंग पर उठे सवाल, बिना नोटिस कार्रवाई और वसूली का आरोप

इंदौर में अवैध बेसमेंट के खिलाफ चल रही कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। हवा बंगला जोन-14 क्षेत्र में एक भवन का बेसमेंट सील करने के बाद नगर निगम अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। भवन मालिक का कहना है कि बिना किसी लिखित नोटिस के निगम की टीम पहुंची और दुकान सील कर दी। उनका आरोप है कि कार्रवाई से पहले एक व्यक्ति ने खुद को अधिकारियों से जुड़ा बताकर संपर्क किया और मामला सेट करने के लिए पहले 2 लाख रुपये, फिर 50 हजार और अंत में 35 हजार रुपये की मांग की। भवन मालिक ने इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है, जो अब शिकायत के साथ पार्षद और अधिकारियों तक पहुंच चुकी है। वहीं आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि इलाके में कई अन्य जगहों पर भी बेसमेंट में दुकानें संचालित हो रही हैं, लेकिन कार्रवाई चुनिंदा स्थानों पर ही की जा रही है। मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं और यदि बिना नोटिस कार्रवाई या पैसों की मांग की बात सही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही गई है। फिलहाल रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद नगर निगम की कार्रवाई पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।







