पीएससी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 की तिथि बढ़ाईआगे

रायपुर। राज्य के सीएम विष्णुदेव साय ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 को लेकर अभ्यर्थियों की मांगों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस फैसले से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को राहत मिली है। गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने के संबंध में कल भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक तथा विधायक दल के स्थायी सचिव आशुतोष, सुरेंद्र दुबे ने विधानसभा में सीएम से भेंट कर अभ्यर्थियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए निवारण हेतु निवेदन किया था। सीएम ने इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लिया।
राज्य सरकार द्वारा आज नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी गई है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी के लिए आवश्यक समय मिल सकेगा।
प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के बीच कम अंतराल की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हर वर्ष पीएससी प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के मध्य सामान्यतः 105-110 दिनों का समय दिया जाता है परंतु इस वर्ष अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए कम समय मिल रहा था।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और उन्हें निष्पक्ष व अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। इस निर्णय का अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों द्वारा व्यापक स्वागत किया जा रहा है।







