ChhattisgarhRegion

डोर-टू-डोर डिलीवरी को दें प्राथमिकता, गोदामों पर भीड़ लगाने वाली एजेंसियों पर होगी कार्यवाही- कलेक्टर

Share


जगदलपुर।
जिले के विभिन्न गैस सिलेंडर गोदामों पर उमड़ रही भीड़ और अव्यवस्था की खबरों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रशासनिक अमले को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल गैस गोदामों का निरीक्षण करें और जहां भी भीड़ की स्थिति निर्मित हो रही है, वहां मजिस्ट्रेट की तैनाती कर स्थिति का जायजा लें। कलेक्टर ने कहा है कि नागरिकों को किसी भी तरह से घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर ने एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी गैस एजेंसियों को सख्त हिदायत दी है कि वे गोदामों पर भीड़ जमा करने के बजाय निर्धारित समय सीमा के भीतर डोर-टू-डोर डिलीवरी को प्राथमिकता दें। प्रशासन का मुख्य जोर इस बात पर है कि उपभोक्ताओं को उनके घर पर ही सुगमता से सिलेंडर उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही उन्होंने खाद्य विभाग और राजस्व अधिकारियों को कालाबाजारी और जमाखोरी करने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखने तथा उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
कलेक्टर ने विशेष रूप से ओवररेटिंग की शिकायतों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा है कि यदि कोई गैस एजेंसी अतिरिक्त राशि लेकर प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर प्रदान करती पाई जाती है, तो उस पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिलेंडर वितरण में पारदर्शिता अनिवार्य है और किसी भी स्तर पर उपभोक्ताओं के शोषण के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। जिले में गैस की आपूर्ति निरंतर बनी रहे और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरा प्रशासन सजग है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button