विकलांग व्याख्याता का वेतन आहरण के बदले भाटापारा रेलवे स्टेशन में रिश्वत लेते प्राचार्य गिरफ्तार

रायपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोपका के प्राचार्य आर एन बया को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास विकलांग व्याख्याता का वेतन आहरण के बदले 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया।
एसीबी ने प्रेस नोट में बताया कि खेमेश्वर डांडे, निवासी मोपका, भाटापारा ने उनके खिलाफ शिकायत की थी। इसके मुताबिक उसके पिता विजय कुमार डांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोपका, भाटापारा में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। जो वर्ष 2017-18 में दुर्घटना के वजह से विकलांग हो गये थे। विकलांगता के बावजूद वह विद्यालय लगातार जाते थे परन्तु प्राचार्य आर.एन. बया, प्रतिमाह वेतन निकालने में आना-कानी एवं प्रताडि़त करते रहे। उस दौरान निवेदन करने पर प्रतिमाह 10,000 रूपये जबरदस्ती रिश्वत लेकर वेतन आहरण किया जाता था।
कई बार यह पैसा वे अपने बैंक एकाउंट में भी लेते थे। आज से 6 माह पूर्व उनके द्वारा 10,000 के बजाय 15,000 रूपए की मांग की गई, नहीं देने पर 6 महीने का वेतन रोक दिया गया था। इसकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत करने बावजूद कोई कार्यवाही नहीं होने पर एन्टी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत की। शिकायत सत्यापन पश्चात् आज ट्रेप आयोजित कर आरोपी आर. एन. बया को 15,000 रूपये भाटापारा रेलवे स्टेशन के समीप रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। प्राचार्य के विरूद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।







