“छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने की तैयारी, बंगाल की खाड़ी में तूफान का अलर्ट”
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दिनों मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 27 अक्टूबर से प्रदेश में वर्षा की मात्रा बढ़ने की उम्मीद है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 48 घंटों में गहरा डिप्रेशन और फिर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जो 28 अक्टूबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और 29 अक्टूबर को भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना है। रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा और तापमान अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।





