टी-20 वर्ल्ड कप में ऑनलाइन सट्टा दो सटोरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपियों से 50 लाख रुपये की सट्टा–पट्टी जप्त की गई। पुलिस को सूचना मिली कि असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग में स्थित एक मकान में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से लाइव मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा था। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस एवं एसीसीयू की टीम ने संयुक्त छापा मारा। इस दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35, असरफ नगर, तकियापारा) और संतोष कुमार गोंड (38, रुआबांधा कुदरापारा, भिलाई) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल, रजिस्टर और एक डॉट पेन डीवीआर सहित कुल दो लाख 70 हजार 500 रुपये की सामग्री जप्त की गई। फरार आरोपी का नाम शाहिल उर्फ सोनू (31, असरफ नगर, तकियापारा) बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिबंध अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है।







