संसदीय कार्य मंत्री का विवादित बयान, युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते बंगले की सुरक्षा बढ़ाई

मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दौरान संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का तेवर विवादित रहा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सदन में ‘औकात में रहो’ कहने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने माफी मांगी, लेकिन इसके बावजूद कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से कहा, “कप्तान है वो तो यार, माफी मांगी तो क्या हो गया।” उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला अदाणी ग्रुप से जुड़े मुद्दे पर हंगामे के दौरान उभरा, जिसमें सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंत्री हर किसी को औकात बता रहे हैं और उनके पीछे भागीरथपुरा का भूत अभी भी पड़ा हुआ है। इसके चलते युवा कांग्रेस आज मंत्री के बंगले के बाहर प्रदर्शन करेगी, जिस कारण बंगले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रास्तों पर बैरिकेटिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि विपक्ष के लोग मुट्ठी भर हैं और अगर उनका घेराव होगा तो वे भी उसी तरह विरोध करेंगे।







