Madhya Pradesh
ओवरस्पीडिंग बनी जानलेवा, नागदा में तीन युवकों की मौत

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में सोमवार शाम नागदा-महिदपुर रोड पर रूपेटा गांव के समीप भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर इंदौर जिले के देपालपुर निवासी आबेद और अनवर सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर डाक विभाग के कर्मचारी राहुल गुर्जर सवार थे। तेज रफ्तार और संभवतः लेन क्रॉसिंग के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद राहगीरों ने 112 इमरजेंसी नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। यह घटना नागदा मंडी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







