छत्तीसगढ़ के बस्तर में तीन जिले ही नक्सल प्रभावित शेष नक्सल मुक्त घोषित

00 छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से अब केवल तीन जिले सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर ही नक्सल प्रभावित माने गए
जगदलपुर। केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई ताज़ा सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से अब केवल तीन जिले सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर ही नक्सल प्रभावित माने गए हैं। इस सूची में बस्तर के शेष जिलों को नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है। अब देश भर में केवल 6 जिले ही नक्सल प्रभावित बचे हैं। यह फैसला नक्सल उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक माना जा रहा है।
भारत सरकार की नई सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में बस्तर के तीन जिलों के अलावा गरियाबंद जिला को भी नक्सल प्रभावित माना गया है। वहीं, अन्य दो जिले दूसरे राज्यों से शामिल किए गए हैं। कुल छह जिलों को अब अंतिम और निर्णायक नक्सल विरोधी अभियान के लिए पूरी तरह चिन्हित कर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इन क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह शिकंजा कसने की रणनीति तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में यहां बड़े स्तर पर संयुक्त ऑपरेशन देखने को मिल सकते हैं। बस्तर संभाग के शेष जिलों को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में उत्साह का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय बस्तर में विकास, निवेश और सामान्य जनजीवन की वापसी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति से अब नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर के तीनों नक्सल प्रभावित जिलों को जल्द ही नक्सल मुक्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी कर दिया गया है और इन इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा एंटी नक्सल ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।







