करोड़ों की ऑनलाइन जॉब ठगी का पर्दाफाश, रायपुर पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा

राजधानी रायपुर की पुलिस ने ऑनलाइन जॉब के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत पुलिस ने राजस्थान से दो मुख्य आरोपियों, आशीष परिहार (28, नसीराबाद, अजमेर) और लक्ष्मन देवासी (37, पाली), को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर देश के विभिन्न राज्यों में 13 से ज्यादा साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। जांच में पता चला कि गिरोह ने ‘वर्क-फ्रॉम-होम’ और घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर रायपुर के दो नागरिकों को अपना शिकार बनाया था, जिसमें पारस कुमार धीवर से 24 लाख और ललित साहू से 34 लाख रुपये की ठगी हुई। पहले इस गिरोह के तीन अन्य आरोपी (भवानी सिंह, उत्पल पंचारिया और साहिल संतोष) को गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों और टेलीग्राम चैट के विश्लेषण के बाद राजस्थान और महाराष्ट्र में छापेमारी कर इस सफलता को हासिल किया। साथ ही, रायपुर पुलिस ने आम जनता को सतर्क रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है और चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान जॉब ऑफर में पैसे न दें, अनजान लिंक या ऐप डाउनलोड न करें और अपना बैंक डिटेल, OTP या UPI पिन किसी के साथ साझा न करें।







