Madhya Pradesh

बेटे के इलाज के नाम पर ऑनलाइन ठगी, परिवार से 1.59 लाख रुपये चोरी

Share

ब्यौहारी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें बेटे के इलाज के लिए डॉक्टर का नंबर गूगल पर सर्च करना एक परिवार को भारी पड़ गया। ब्यौहारी निवासी शिक्षक शिवेश कुमार सिंह के छोटे बेटे का इलाज नागपुर में चल रहा था। बेटे की तबीयत खराब होने पर उनकी पत्नी आरती सिंह ने डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए नंबर गूगल पर सर्च किया, लेकिन कॉल असली डॉक्टर के बजाय साइबर ठगों के पास चली गई। ठगों ने खुद को डॉक्टर का स्टाफ बताते हुए विश्वास में लिया और महिला से एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करवा लिया। जैसे ही ऐप इंस्टॉल हुआ, ठगों ने चरणबद्ध तरीके से उनके खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी। पहले दो बार 50-50 हजार रुपये और फिर एक बार में 59 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए, जिससे कुल एक लाख 59 हजार रुपये की ठगी हो गई। महिला की यह छोटी गलती न केवल उनकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ी, बल्कि डॉक्टर का अपॉइंटमेंट भी नहीं मिल सका। अब शिक्षक पिता अपने बीमार बेटे के इलाज और ठगी से हुए नुकसान की वापसी के लिए करीब 100 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। एडिशनल एसपी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामला साइबर सेल के माध्यम से जांच के दायरे में है, ताकि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button