कुम्हारवंड में आयोजित एनएसएस की सात दिवसीय शिविर का हुआ समापन

जगदलपुर। शहीद गुंडाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुम्हारवंड (जगदलपुर) के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों द्वारा ग्राम पंचायत कुम्हारवंड में आयोजित सात दिवसीय शिविर का समापन शनिवार को हुआ। इस शिविर में छात्रों ने गांव में विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाया।बीते सात दिनों के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों के बीच जाकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। छात्रों ने स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए घर-घर अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने रैलियां निकालीं और नारे लिखकर लोगों को सजग रहने का संदेश दिया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया। गीत, कविता, नृत्य, भाषण और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा छात्रों ने प्राथमिक शाला का भ्रमण कर बच्चों के साथ खेल गतिविधियां कीं और उन्हें उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत कुम्हारवंड के ग्राम सचिव ललित पांडेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. तेजपाल चंद्राकर ने भी छात्रों के सामाजिक सरोकारों की सराहना की। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को उनके उत्साहवर्धक कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के दोनों अधिकारी डॉ. आरआर. कंवर (बालक इकाई) एवं डॉ. सोनाली कर (बालिका इकाई) ने छात्रों को शिविर के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पद्माक्षी ठाकुर (उद्यानिकी विभाग) तथा एमबी. तिवारी (एएनओ) भी उपस्थित रहे।







