आक्सीजोन का निर्माण कार्य नहीं, बिलासपुर शहर में ग्रीनरी बढ़ाने किया गया उद्यानों का निर्माण

रायपुर। बिलासपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बिलासपुर शहर में आक्सीजोन का निर्माण कार्य नहीं किया गया है बल्कि शहर ग्रीनरी बढ़ाने के लिए उद्यानों का निर्माण किया गया। स्मार्ट सिटी मिशन की मिशन अवधि मार्च 2025 में समाप्त हो चुकी है इसलिए कोई भी आक्सीजोन निर्माण कार्य प्रस्तावित नहीं है और ना ही विगत 2021 से वृक्षारोपण का कार्य भी नहीं कराया गया है।
बजट सत्र के तीसरे दिन विधायक धर्मजीत सिंह ने उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से जानना चाहा कि बिलासपुर स्मार्ट सिटी योजनांतर्गत बिलासपुर शहर में ग्रीनरी एवं आक्सीजोन बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है? लोक निर्माण ने बताया कि बिलासपुर स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत बिलासपुर शहर में ग्रीनरी बढ़ाने के लिए उद्यानों का निर्माण किया गया है। आक्सीजोन का निर्माण कार्य नहीं किया गया है। बिलासपुर स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत श्री राम टॉवर के पीछे व्यापार विहार उद्यान, रमजानी बाबा तालापारा उद्यान, वृहस्पति बाजार उद्यान, सिम्स उद्यान, हैप्पी स्ट्रीट, मैथलीशरण गुप्त उद्यान नर्मदा नगर, टाउन हाल उद्यान, नेहरू चौक से मंगला चौक के मध्य, मिनोचा कालोनी स्मार्ट सिटी सड़क, रिवर व्यू सड़क, तिफरा फ्लाई ओवर के नीचे, कोन्हेर उद्यान एवं बाल उद्यान में ग्रीनरी हेतु घास, छोटे पौधे तथा हैजिंग लगाने का कार्य किया गया है।
धर्मजीत ने फिर पूछा कि विगत 2021 से कहां-कहां पर वृक्षारोपण के कार्य किए गए हैं? कहां-कहां पर आक्सीजोन बनाया गया है अथवा प्रस्तावित है? वृक्षारोपण हेतु कौन-कौन से मद से राशि स्वीकृत की गई है? आक्सीजोन की वर्तमान स्थिति क्या है? किए गए वृक्षारोपण में से कितने प्रतिशत वृक्ष जीवित अवस्था में हैं? उपमुख्यमंत्री साय ने बताया कि बिलासपुर स्मार्ट सिटी अंतर्गत विगत 2021 से वृक्षारोपण का कार्य नहीं कराया गया है एवं आक्सीजोन का निर्माण कार्य नहीं किया गया है। स्मार्ट सिटी मिशन की मिशन अवधि मार्च 2025 में समाप्त हो चुकी है, अतएव स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा कोई भी आक्सीजोन निर्माण कार्य प्रस्तावित नहीं है।







