रायपुर–मुंबई के बीच 1 फरवरी से इंडिगो की नई फ्लाइट

रायपुर और मुंबई के बीच हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस 1 फरवरी से नई चौथी फ्लाइट शुरू करने जा रही है। यह उड़ान दोपहर के समय संचालित होगी, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प और सुविधा मिलेगी। वर्तमान में निजी एयरलाइंस दोनों शहरों के बीच तीन उड़ानें चला रही हैं, जिनका किराया सामान्य दिनों में ही दस हजार से अधिक रहता है और सीजन में काफी बढ़ जाता है। दो साल पहले एयर इंडिया की मुंबई-रायपुर-विजयवाड़ा (विशाखापट्टनम) उड़ान बंद होने से चौथा कनेक्शन टूट गया था, जिसे इंडिगो अब फिर से बहाल करने जा रहा है। नई फ्लाइट 6E 2283 नवी मुंबई से दोपहर 12:50 बजे उड़ान भरकर 2:35 बजे रायपुर पहुंचेगी और वापसी में 6E 22844 दोपहर 3:05 बजे उड़ान भरकर शाम 5:05 बजे मुंबई पहुंचेगी। यह समय व्यापारियों, छात्रों और मेडिकल यात्रियों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। फिलहाल रायपुर से मुंबई के लिए तीन उड़ानें सुबह 8:40, 9:40 और शाम 5:35 बजे मिलती हैं। इसके अलावा, 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट के रनवे के रखरखाव के कारण सुबह 11 से शाम 5 बजे तक उड़ान संचालन बंद रहेगा, जिससे रायपुर के लिए एक उड़ान प्रभावित होगी।





