अखिल भारतीय पुजारी पुरोहित संघ में नई नियुक्तियाँ – संत समाज और धर्म स्तंभ काउंसिल ने व्यक्त किया हर्ष

अखिल भारतीय पुजारी पुरोहित संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्वों हेतु नई नियुक्तियाँ की गई हैं। प्रख्यात कथावाचक आचार्य अशोक चतुर्वेदी हरिवंश को संघ का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है।
साथ ही साथ उन्हें उड़ीसा और उत्तप्रदेश का प्रभारी भी बनाया गया है ,इसी क्रम में मध्यप्रदेश के दतिया स्थित पवित्र पीताम्बरा पीठ परिसर के पुजारी अनिल चतुर्वेदी को संघ का प्रदेश अध्यक्ष (मध्यप्रदेश) मनोनीत किया गया है।
यह नियुक्ति संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रतिष्ठित बलबावा मंदिर के पुजारी देवकुमार बालादास द्वारा की गई है।
इन नियुक्तियों पर समस्त संत समाज, पुजारी-पुजारीन, पुरोहित, धर्माचार्य एवं श्रद्धालु समुदाय ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
धर्म स्तंभ काउंसिल के सभापति डॉ. सौरव निर्वाणी ने इन नियुक्तियों की अनुशंसा करते हुए कहा कि—
“अखिल भारतीय पुजारी पुरोहित संघ का यह निर्णय धर्म परंपरा की मजबूती, सनातन मर्यादाओं के संरक्षण और समाज को दिशा देने का कार्य करेगा। आचार्य अशोक चतुर्वेदी और पुजारी अनिल चतुर्वेदी जैसे विद्वान और समर्पित धर्मसेवियों के नेतृत्व में संघ और अधिक सशक्त बनेगा।”
इस अवसर पर महंत सुरेन्द्र दास (राम जानकी मंदिर, निर्वाणी अखाड़ा, रायपुर), महंत हेमंत दास, डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, राघवेंद्र दास, महंत नंदकिशोर दास (निर्मोही अखाड़ा), धर्म स्तंभ काउंसिल तथा समस्त संत समाज ने संयुक्त रूप से हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि यह नियुक्ति धर्म और समाज के लिए शुभ संकेत है।
सभी ने मिलकर आशा व्यक्त की कि नव-नियुक्त पदाधिकारी अपनी ज्ञान-परंपरा, संगठन शक्ति और सेवाभाव से पुजारी-पुरोहित समाज को संगठित करने एवं सनातन धर्म की गरिमा बढ़ाने का कार्य करेंगे।
