100 बेड की नई बिल्डिंग में लापरवाही, गंदा पानी अस्पताल के रास्तों में

जिला अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां अस्पताल के आम रास्ते में सीवरेज का गंदा पानी भरा हुआ है और इससे परिसर में दुर्गंध फैल रही है। 100 बेड की नई बिल्डिंग का सीवरेज सिस्टम फेल होने के कारण यह स्थिति बनी है। नवीन ओपीडी से लेकर एसएनसीयू गेट तक बदबूदार पानी बह रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हो रही है। खास चिंता की बात यह है कि एसएनसीयू वार्ड में नवजात बच्चे भर्ती रहते हैं, जिन्हें इसी रास्ते से लाया और ले जाया जाता है। हैरानी की बात यह है कि अधिकांश डॉक्टर और अस्पताल के जिम्मेदार कर्मचारी रोजाना यहीं से आते-जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अस्पताल में व्यवस्थाओं को स्वस्थ और दुरुस्त रखने के लिए अलग से मैनेजमेंट और अस्पताल प्रबंधक नियुक्त हैं, फिर भी लापरवाही बनी हुई है।







