सुकमा मुठभेड़ में 5 लाख का ईनामी नक्सली कमांडर मूचाकी कैलाश ढेर

सुकमा। जिले के पोलमपल्ली जंगल में रविवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने 5लाख का ईनामी एक नक्सली कमांडर को ढेर कर दिया है।
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा जिले के थाना पोलमपल्ली क्षेत्र अन्तर्गत जंगल पहाड़ी में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना के आधार पर सुकमा डीआरजी की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सर्च अभियान के दौरान आज सुबह सुकमा डीआरजी की टीम और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई है। मुठभेड़ के बाद मुठभेड़ स्थल का सर्च करने पर 1 पुरुष माओवादी का शव हथियार सहित बरामद हुआ हैं। मुठभेड़ में मारे गये माओवादी कैडर की पहचान 5लाख का ईनामी पीपीसीएम कैडर का प्लाटून नं 31 सेक्शन कमांडर मूचाकी कैलाश निवासी पूलनपाड़ थाना चिंतलनार जिला सुकमा के रूप में हुई है। उन्होने बताया कि मूचाकी कैलाश एक ऐसा नाम है, जो कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा, जिसमें नागरिकों की हत्या, सुरक्षाबलों पर हमले और आईईडी विस्फोट की साजिशों में उसकी भूमिका रही है।
बस्तर आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी कैडरों के सामने आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर अब अपने अंतिम चरण में है, तथा इसे अपनाने के लिए उनके पास बहुत सीमित समय शेष है। उन्होंने अपील की कि माओवादी कैडर इस अवसर का समझदारी से लाभ उठाएं, हिंसा के मार्ग को त्यागें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करें ।







