मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी… लल्लू महाराज के भजनों पर जमकर झूमे श्रोता

रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी चौबे कालोनी स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में सुंदरकाण्ड पाठ, भजन संध्या व झांकी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सुबह भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक व पूजा अर्चना किया गया।
भजन गायक लल्लू महाराज एण्ड पार्टी द्वारा मेरा भोला है भंडारी, रामजी की निकली सवारी, हारा हूं बाबा पर तुझ पर भरोसा है, मेरी विनती है यही, मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है, काली कमली वाले, बता मेरे यार सुदामा रे, छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना, श्री राम जानकी बैठे है मेरे सीने में, वीर हनुमाना अति बलवाना, दुल्हा बन के भोले नाथ, दरबार तुम्हारे आया हूं पकड़ लेना मेरा हाथ, राधा-कृष्ण ने मिलकर खेली बरसाने की होली जैसे फेमस कई भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। पुराणों के अनुसार इसी दिन अग्निलिंग जो महादेव का विशालकाय स्वरूप है के उदय के साथ ही सृष्टि की रचना हुई थी। साथ ही भगवान शिव व पार्वती की पूजा अर्चना की जाती है। मान्यता के अनुसार भगवान शिव और पार्वती का विवाह चतुर्थदशी को हुआ था। पूरे मंदिर परिसर को कोलकाता कारिगरों द्वारा आकर्षक फूलों से सजाया गया था।
रीना हेमंत जैन ने बताया कि मंदिर में संध्या 5 बजे से सुंदरकांड पाठ, भजन व आरती की गई। फलाहार व आम भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।







