
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रायपुर के साइंस कॉलेज में आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, रायपुर में मेरी अध्यक्षता में महाधिवेशन हुआ था, जब भूपेश बघेल सीएम थे। रायपुर से सामाजिक न्याय का जो नारा बुलंद हुआ उसने 2024 में मोदी सरकार के अहंकार को तोड़ दिया। बीजेपी ऐसे हालात में है कि खुद की सरकार भी नहीं बना सकी। मोदीजी को दो टांगों का सहारा है। एक नीतीश बाबू और दूसरी TDP का। एक ने भी लात मार दी तो मोदीजी हार जाएंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने सभा में पहुंचे लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इतनी बारिश में आपका यहां आना यह बताता है कि आप हमारे साथ हैं. आप सभी साथ हैं तो हमें कोई नहीं हरा सकता। खरगे ने कहा, मोदी ने छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन को तबाह करने का काम किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर उन्होंने कहा, शाह काे यहां बार-बार क्यों आना, क्या उनका घर है या ससुराल है ? यहां के मुख्यमंत्री को तो बैठो कहने पर बैठ जाते हैं, उठो बोलो तो उठ जाते हैं। इतना अपमान सह रहे हैं, लेकिन पद नहीं छोड़ रहे।
भाजपा सरकार ने हमारे छत्तीसगढ़ के जवानों और किसानों को धोखा दिया, क्योंकि ये झूठ बोलते हैं। इसीलिए मैं इन्हे झूठों के सरदार कहता हूँ । ये लोग डबल इंजन की बात करते हैं, ये कैसा डबल इंजन हैं। एक छोटा और एक बड़ा है तो गाड़ी कैसे चलेगी। जो गुलामगिरी करते हैं वही लोग ये सब करते हैं। खरगे ने कहा, भाजपा के लोग ऐसा क्या कर रहे हैं कि 2025-26 में इन्होंने 47 हजार करोड़ कर्ज लिया। हमारे जमाने में एक रुपए भी कर्ज बढ़ता था तो लोग रास्ते पर आते थे। कहां है वो लोग, अब क्यों नहीं आते। 11 सालों में जो काम इन्हें ठीक से करना था वो नहीं किया। अब फिर प्रदेश का कर्ज बढ़ा रहे।
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव की स्थिति काे लेकरहुई बैठक के बारे में कहा कि दो बार मीटिंग हुई, दूसरी बार भी प्रधानमंत्री मोदी मीटिंग में नहीं आए। ये बेहद शर्मनाक है। देश के लोगों की बेइज्जती है। बार-बार बुलाने के बाद भी पीएम नहीं आते। ये शर्म की बात है. अंत में खरगे ने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के नारों के साथ अपना भाषण खत्म किया।
भूपेश बघेल ने कहा – किसानों को खाद नहीं दे पा रही सरकार
किसान जवान संविधान सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार की नाकामियों को लेकर हमला किया। उन्होंने कहा स्कूल खुल गए लेकिन बच्चों को कॉपी किताब नहीं मिल पाए। आज प्रदेश के किसानों को प्रदेश सरकार खाद उपलब्ध नहीं करा पा रही है। मोदी जी दुनिया घूम रहे है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध नहीं करा पा रहे। हमारे किसानों के साथ षड्यंत्र कर रहे हैं. नकली खाद दे रहे हैं। उन्होंने कहा, अगले साल 21 क्विंटल धान की खरीदी नहीं हो सकेगी।
बस्तर में 35-40 हजार युवक नक्सलियों के नाम पर बस्तर छोड़ने को तैयार हैं। जब पहलगाम की घटना हुई तब राहुल जी और खरगे जी देश के लिए खड़े हो गए। उन्होंने हम देश के लिए सरकार के साथ हैं, लेकिन दुर्भाग्य हमारे प्रधानमंत्री जी का कि चुनाव प्रचार के लिए बिहार चले गए।
