महतारी वंदन योजना में गड़बड़ी व राशि कटौती का सही जवाब नहीं दे पाई मंत्री राजवाड़े, विपक्ष ने छोड़ा सदन

रायपुर। महतारी वंदन योजना में गड़बड़ी, राशि में कटौती को लेकर कांग्रेस विधायक उमेश पटेल के सवालों का सदन में महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सही उत्तर नहीं दे पाईं तो विपक्ष के विधायक सदन छोड़कर चले गए।
विधायक उमेश पटेल ने प्रश्रकाल के दौरान पूछा कि क्या वर्तमान में महतारी योजना में महिलाओं की संख्या में कमी आई है? क्यों? इसमें फर्जी नाम से लाभ लेने का मामला आया है? ये कहाँ कहाँ संज्ञान में आए हैं ? क्या इसके सत्यापन का कोई नियम है? मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लिखित उत्तर में बताया कि इसमें प्रथम पंजीयन 20/2/204 तक कुल 7027154 हितग्राही द्वारा आवेदन किया गया था। पंजीकृत आवेदकों में 6963621 हितग्राही पात्र हैं। कमी आई है पर यह हितग्राही की मृत्यु होने से, लाभ त्याग करने, दो आवेदन के प्रकरण या अपात्र होने के कारण आई है। फर्जी नाम से लाभ प्रात होने का मामला बस्तर जिले से प्रात हुआ है। विधायक उमेश पटेल ने बस्तर में हीरो हिरोइन (सनी लियोनी मामला) के नाम से पैसा निकालने की जानकारी दी। तो कांग्रेस के सदस्यों ने शेम शेम के नारे लगाए। पटेल ने हितग्राहियों की शर्तें पूछी। राजवाड़े ने स्वीकार किया कि बस्तर जिले के एक गांव में फर्जी नाम से पैसा लिया जा रहा था जिसमें कड़ी कार्यवाही की गई थी।
पटेल ने कहा कि आज की स्थिति में हितग्राहियों में कमी आई है। आपने जांच कितनी बार कराई और कब कब कराई? मंत्री ने कहा योजना के बारे जो हमने आंकड़े बताया है इसमें कमी आने का कारण कई लोगों की मृत्यु, कई का लाभ त्याग हुआ है जांच समय समय पर होते हैं। डेट उपलब्ध करा दी जाएगी। विधायक ने पूछा आपने जांच कब कराया कोई तारीख ? राजवाड़े ने कहा समय समय पर हर माह हर रोज जांच होते रहती हैं। पटेल ने कहा मामला संज्ञान में आने के बाद भी जांच नहीं हो रही इसकी क्राइटेरिया क्या होनी चाहिए हितग्राही के लिए? मंत्री ने बताया सबसे पहले वह आयकर दाता ना हो, वर्ग 123 ना हो पात्रता श्रेणी के लिए 21 से अधिक हो, शादीशुदा हो, विधवा भी हो सकती है। पटेल ने कहा कि घोषणा पत्र में केवल आयकर की बात रखी थी फिर अन्य क्राइटेरिया क्यों बताया जा रहा है? मंत्री- 2023 के चुनाव में हमने इस योजना के तहत लाभ देने का वादा किया था जो पहली किस्त में हमने उन्हें उपलब्ध भी कराया। पूर्ववर्ती सरकार में इन्होंने भी यह वादा किया था वो तो दिखा ही नहीं पर हमने कम समय में इस योजना का लाभ पहुंचाया है।
पटेल ने कहा कि जो महिलाएं 60 साल से ऊपर हैं और वो हितग्राही हुआ, उन्हें पेंशन मिल रहा है तो क्या उन्हें वंदन की राशि काटकर दी जा रही है या 500 रु दी जा रही है? मंत्री ने बताया उन्हें अंतर की राशि दी जा रही है। इस पर कांग्रेस के विधायक खड़े होकर विरोध करने लगे। पटेल ने कहा यह तो महिलाओं के साथ आप लोग धोखा कर रहे हैं जरूरतंद महिलाओं को पूरा पैसा नहीं दिया जा रहा है? आप यही घोषणा कर दें कि उनके 500 की राशि नहीं काटी जाएगी। मंत्री रजवाड़े ने कहा कि आपने 5 साल तो विधवा महिलाओं को 1000 रु नहीं दे पाए हम तो अब तक 12 किश्त दे चुके हैं। इस पर विपक्ष के विधायक पांच सौ की कटौती न करने की घोषणा करने की मांग करते रहे। मंत्री का उत्तर न आने पर विपक्ष ने सदन से वॉक आऊट कर दिया।
