मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक मालगाड़ी से टकराया

जगदलपुर । जिले के परपा थाना क्षेत्र अंर्तगत कुमार मारेंगा गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक मालगाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में युवक निलकंठ बघेल को गंभीर चोटें आई है, उसे तत्काल उपचार के लिए मेकाॅज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल युवक की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। परिजन घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटना की जांच कर रही है।
परपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सरगीपाल के जुनापारा में रहने वाला निलकंठ बघेल 27 वर्ष का है। निलकंठ पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसके परिजन लगातार उसका उपचार करा रहे हैं और उसकी देखभाल करते हैं। रोजाना की तरह आज सुबह भी निलकंठ अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकल गया था। वह चलते-चलते रेलवे ट्रैक पर आ गया। सामने से आ रही मालगाड़ी को देखने के बाद भी वह पटरी से नहीं हटा। ट्रेन चालक ने युवक को सामने से आता देखा तो उसे हटने के लिए कई बार इशारा किया। चालक ने जोर-जोर से आवाज भी लगाई ताकि युवक ट्रैक से हट जाए। युवक को ट्रैक से हटता न देखकर मालगाड़ी चालक ने हड़बड़ी में आपातकालीन ब्रेक लगा दिए। चालक ने युवक को बचाने का हर संभव प्रयास किया। हालांकि ब्रेक लगाने के बावजूद निलकंठ ट्रेन से जा टकराया। इस टक्कर से युवक को काफी चोटें आईं। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक की मदद की। उन्होंने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।







