हनुमान मंदिर के पास मेडिकल अपशिष्ट का ढेर, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर संकट

शहडोल जिले के बुढार नगर से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसमें हनुमान मंदिर के बगल सड़क किनारे खुलेआम फेंके गए मेडिकल बायो वेस्ट ने न सिर्फ स्वास्थ्य तंत्र की लापरवाही उजागर की है, बल्कि बेजुबान गोवंश के लिए जानलेवा स्थिति पैदा कर दी है। इंजेक्शन, नीडल और दवाइयों का खतरनाक अपशिष्ट मवेशियों के बीच चारे की तरह फैल रहा है, जिससे उनकी जान पर खतरा है और आसपास के रिहायशी इलाके में संक्रमण का खतरा भी मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि मॉर्निंग वॉक के दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े मेडिकल कचरे के ढेर पर पड़ी और आसपास कई गोवंश इसे खा रहे थे। बुढार नगर के कई निजी क्लिनिकों से निकलने वाले मेडिकल अपशिष्ट का उचित निस्तारण न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि जिम्मेदार क्लिनिक संचालकों की पहचान कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







