क्रिकेट सट्टे के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी पर बड़ी कार्रवाई

क्रिकेट सट्टे के मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकानों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है, जिसमें करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी वाहनों का खुलासा हुआ है। गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव के मकान पर सर्च वारंट के साथ दबिश दी, जहां बाबू खेमानी के परिवार के सदस्य मौजूद मिले। जांच के दौरान पुलिस को बीएमडब्ल्यू, क्रेटा सहित 5 महंगी कारें, रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा क्षेत्र में एक एकड़ जमीन जैसी संपत्तियों की जानकारी मिली। साथ ही उसके और उसके सहयोगियों के बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए 50 से अधिक आईडी और कई म्यूल खातों का इस्तेमाल करता था, और पहले वह महादेवबुक ऐप से भी जुड़ा रहा है। बाबू खेमानी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था और इंस्टाग्राम पर रील व वीडियो बनाता था, जिनमें कुछ आपत्तिजनक और विवादित सामग्री भी शामिल पाई गई है।







