शराब तस्करो ने पुलिस दल पर हमला करने भीड़ को उकसाया, टीआई सहित कई घायल
महासमुंद। आबकारी मामले में दो फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने हमला कर दिया। इसमें टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। किसी तरह आरोपियों को पकड़कर पुलिस थाने लेकर आई। इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह मामला पटेवा थाने के पचारी ग्राम की है।
जानकारी के अनुसार, थाना पटेवा के आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी के लिए सांकरा थाना के टीआई उत्तम तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे थे। अलग-अलग थाने की संयुक्त टीम ने ग्राम पचरी में दबिश दी थी।
गाड़ी में बैठाने के दौरान आरोपियों ने विरोध कर वहां मौजूद लोगों को उकसाने लगे। इससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस दल पर
लाठी-डंडों, लोहे की छड़ और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें थाना प्रभारी उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। महिला आरक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है । हाईवे पेट्रोलिंग गाड़ी का कांच टूट गया। इस दौरान आरोपियों के परिजनों ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश करते हुए पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली।
इस मामले में मुख्य आरोपी विजय मारकण्डेय, विनोद मारकण्डेय उनके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हमला, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दस लोगों को गिरफ्तार किया है। फरार तीन अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है।






