राजगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे खड़े चाचा-भतीजे की मौत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से दर्दनाक घटना सामने आई है। पचोर थाना क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी में आकाशीय बिजली गिरने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बचने के लिए दोनों युवक एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली उसी पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान विष्णु प्रसाद भिलाला (45) और उनके भतीजे रामदयाल भिलाला (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पचोर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। एक ही परिवार के दो लोगों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी-बारिश और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें।







