नंदनमारा में दिखा वन्य प्राणी तेंदुआ

कांकेर। जिले के कांकेर वन परिक्षेत्र अंतर्गत नंदनमारा क्षेत्र में बीती रात एक वन्य प्राणी तेंदुआ कचरे में फेंके गए मुर्गे के मांस को खाने के लिए गांव के पास पहुंचा था। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीती रात को जब वे रास्ते से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि इस वन क्षेत्र में वन्य प्राणियों की आवाजाही आम बात है, लेकिन इस तरह गांव के नजदीक वन्य प्राणी तेंदुए का दिखाई देना चिंता का विषय बन गया है। वहीं, कांकरे के कई इलाकों में पहले से ही भालुओं की मौजूदगी को लेकर लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।







