ChhattisgarhMiscellaneous

साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करेगी ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर

Share

रायपुर। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का विमोचन जशपुर के कम्युनिटी हॉल में में हुआ । इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय थीं।
साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी व सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर जागरूक करने वाली फिल्म में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पीड़ित स्कूल टीचर की भूमिका निभाई है। उनके साथ फिल्म में रायपुर, दुर्ग, कोरबा, जशपुर के स्थानीय कलाकार नजर आएंगे।

तकनीकी युग में जहां डिजिटल सुविधाएं जीवन को आसान बना रही हैं, वहीं साइबर अपराधी भी इन्हीं तकनीकों का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। वर्तमान समय में डिजिटल फ्रॉड, ऑनलाइन बैंक धोखाधड़ी और विशेष रूप से स्कैम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने यह महत्वपूर्ण पहल की है।

गौरतलब है कि फिल्म में सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, ऑनलाइन गेम्स, केवाईसी अपडेट, फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन, स्क्रीन शेयरिंग ऐप और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली ठगी की घटनाओं को प्रभावी तरीके से दिखाया गया है।
फिल्म के छायांकनकर्ता अनुज कुमार हैं। इसमें एसएसपी शशि मोहन सिंह, सुआरवी सिन्हा, दीपा महंत, राम प्रकाश पाण्डेय, ऋभु समर्थ सिंह, कुंदन सिंह, प्रवीण अग्रवाल, विजय सिंह राजपूत, अंकित पांडे, आकर्ष, मनीषा, वंशिका गुप्ता सहित अन्य कलाकार शामिल हैं।

फिल्म की कहानी शशि मोहन सिंह ने लिखी है। स्क्रीनप्ले तोरण राजपूत एवं संवाद घनश्याम द्वारा लिखे गए हैं। कैमरा सहायक के रूप में परमेश्वर नाग, मेकअप आर्टिस्ट वर्षा सोनी एवं सहायक सुचिता भगत सम्मिलित हैं।
इस अवसर पर सिंह ने कहा है कि डिजिटल फ्रॉड को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है। लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस फिल्म का निर्माण किया गया है। फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि समाज को जागरूक करने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच भी मिल सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button