खंडवा में जादू-टोने के शक में हत्या करने वाले को फांसी की सजा

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में जादू-टोने के शक में पड़ोसी की हत्या करने वाले आरोपी को जिला न्यायालय ने फांसी की सजा सुनाई है। यह मामला पंधाना थाना क्षेत्र के छनेरा गांव का है, जहां 12 दिसंबर 2024 की आधी रात को आरोपी चंपालाल उर्फ नंदू धानक ने अपने पड़ोसी रामनाथ की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। आरोपी को यह भ्रम था कि रामनाथ जादू-टोना करता है और इसी कारण वह परेशान रहता था। घटना के समय जब रामनाथ लघुशंका के लिए बाहर निकला, तभी चंपालाल ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बताया कि हत्या के बाद भी आरोपी शव के पास खड़ा रहा और आसपास के लोगों को धमकाता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया था। न्यायालय ने इसे समाज के लिए गंभीर और नृशंस अपराध मानते हुए आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाई।
