आईपीएल सट्टा, जेल जाने के नाम पर महापौर के भतीजे की बिगड़ी तबीयत

बिलासपुर। आईपीएल में सट्टा खिलाते पकडे गए दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। एक को जेल भेज दिया गया है जबकि दूसरा बीमार हो गया। रसूखदार होने के कारण सिम्स में एडमिट कराया गया है। जहाँ उसका वीआईपी ट्रीटमेंट हो रहा है। गौरतलब है कि दूसरा आरोपी महापौर का भतीजा और भाजपा नेता विशाल विधानी है। जेल जाने से बचाने के लिए उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है और वहां उसे वीआइपी ट्रीटमेंट मिल रहा है। पुलिस ने अस्पताल में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। वहीं परिजन दिनभर उससे मिलने पहुंचते रहते हैं।
गौरतलब है कि 5 अप्रैल को पुलिस ने जूना बिलासपुर में दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए दीपक भक्तानी और विशाल विधानी को रंगे हाथों पकड़ा था। इनके पास से 1.10 लाख रुपये नगद, मोबाइल और स्कूटी जब्त किया गया था। पुलिस को पता चला था कि दीपक को विशाल विधानी सट्टे का लिंक उपलब्ध कराता था। दोनों के तार गोवा के राजा आहूजा से जुड़े हुए हैं। जेल में दाखिले की कागजी कार्रवाई जारी थी। इसी दौरान आरोपी विशाल विधानी ने अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कहते हुए हंगामा कर दिया। आनन-फानन में जेल डॉक्टर को बुलाया गया। लेकिन जेल में उपयुक्त सुविधा के अभाव में उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस तुरंत विशाल विधानी को सिम्स अस्पताल लेकर पहुंची और भर्ती करा दिया। इसकी जेल आरआई या जेल विभाग को इस घटनाक्रम की कोई सूचना भी नहीं दी गई।
सबसे बड़ा सवाल क्या आम आरोपी को भी इतनी तेजी से राहत मिलती है, या फिर यह सब कुछ सिर्फ रसूख और पहुंच के दम पर हुआ? जेल जाने से ठीक पहले अचानक तबीयत बिगड़ना और फिर सीधे बड़े अस्पताल में एडमिट होना। यह मामला संदेह के घेरे में है। क्या इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी ।







