छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, PPP मॉडल से बनेंगे आधुनिक इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट

छत्तीसगढ़ में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को महानदी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकासशील ने की, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) की सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) द्वारा विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में PPP मॉडल के तहत बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर, नवा रायपुर में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर, धमतरी के छाती और बलौदाबाजार के चंदेरी क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास तथा भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लेटेड फैक्ट्री बिल्डिंग निर्माण जैसी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को औद्योगिक परियोजनाओं को गति देने के लिए नियमों का सरलीकरण करने और प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं बाधारहित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर प्रस्तुति दी। इस दौरान सुषमा सावंत, डॉ. रोहित यादव सहित योजना, वित्त और CSIDC के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।







