वैलेंटाइन-डे पर इंदौर कोर्ट का अनोखा फैसला तलाक टला, दंपत्ति ने नई शुरुआत की

वैलेंटाइन-डे के दिन इंदौर के फैमिली कोर्ट में एक डॉक्टर-इंजीनियर दंपत्ति की ज़िंदगी ने नया मोड़ लिया। 14 फरवरी 2026 को पेशे से डॉक्टर पति ने अपनी आईटी सेक्टर में कार्यरत पत्नी के खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तलाक की याचिका दायर की थी। मामला कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन था और पत्नी को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन कोर्ट ने केवल कानूनी पक्ष नहीं देखा, बल्कि रिश्ते को बचाने की कोशिश भी की। माननीय न्यायाधीश आर.के. जैन ने दोनों पक्षों की विस्तार से काउंसलिंग की और पुराने गिले-शिकवे भूलकर नए सिरे से शुरुआत करने की सलाह दी। इसके परिणामस्वरूप दोनों ने तलाक की याचिका वापस ले ली और मामला समाप्त कर दिया गया। कोर्ट परिसर में पति-पत्नी ने एक-दूसरे को गुलाब और मिठाई देकर पुराने मतभेद भुलाने का वादा किया और साथ-साथ नई शुरुआत के साथ बाहर निकले। इस अनोखे वेलेंटाइन-डे पर फैमिली कोर्ट ने एक टूटते परिवार को बचाने की मिसाल पेश की।







