भारत की बेटियां बनीं विश्व विजेता: 47 साल बाद इतिहास रचा

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 47 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश में खुशी की लहर है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्वविजेता बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और अदम्य जज़्बे से देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री साय ने इस जीत को परिश्रम, आत्मविश्वास और संकल्प की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती है और यह उपलब्धि देशभर में महिला खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि भारत मां की बेटियों ने दिल भी जीता और विश्व क्रिकेट का मुकुट भी। उन्होंने कहा कि जमीन से आसमान तक तिरंगा लहराया है—धरती पर बेटियों ने विश्व विजेता का तमगा जीता और आसमान में इसरो ने तिरंगे का दम दिखाया है। देश की 140 करोड़ जनता को विश्व विजेता वाला अहसास कराने वाली इन बेटियों को उन्होंने पूरे देश की ओर से बधाई दी।




