परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के द्वितीय चरण में रायपुर के तेजस ने पूछा पीएम से सवाल

रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का द्वितीय चरण सोमवार को आयोजित किया गया, जिसमें भी छत्तीसगढ़ राज्य की व्यापक एवं सक्रिय सहभागिता रही। इस चरण में राज्य के 36,905 विद्यालयों से कार्यक्रम प्रसारित किया गया, जिसे 26.65 लाख विद्यार्थी, 1.54 लाख शिक्षक एवं 1.68 लाख पालकों सहित कुल 29.89 लाख दर्शकों ने देखा। साथ ही, पूर्ववत 478 सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम देखने की व्यवस्था की गई, जिससे 42 हजार लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
द्वितीय चरण में रायपुर जिले के माना कैम्प स्थित पीएम श्री नवोदय विद्यालय के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी श्री तेजस चन्द्राकर को प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछने का अवसर प्राप्त हुआ। तेजस ने परीक्षा के बाद भ्रमण योग्य स्थलों के संबंध में जानकारी चाही। प्रधानमंत्री ने श्री तेजस को उसके निवास तहसील से प्रारंभ करते हुए, तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर देखने योग्य स्थलों की सूची तैयार करने, उनके भ्रमण की योजना बनाने तथा इन यात्राओं को सीखने के अवसर के रूप में अपनाने का प्रेरणादायक सुझाव दिया। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण में महासमुंद जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा कु. सृष्टि साहू को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर प्राप्त हुआ, जो राज्य के लिए गर्व का विषय रहा।







