भिलाई गोलीकांड आरोपी का अवैध कब्जा हटाया

दुर्ग। भिलाई के गुरुघासीदास नगर में 14 नवंबर को इवेंट ऑर्गनाइजर विकास प्रजापति पर गोली चलवाने के मामले में आरोपी करण साव के अवैध कब्जे पर निगम ने आज बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। आरोपी पिछले 10 सालों से अवैध भूमि पर टेंट हाउस चला रहा था।
आज सुबह डीएसपी क्राइम और दो थाना प्रभारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ निगम की तोड़ू टीम संतोषीपारा कैंप-2 पहुंची और अवैध निर्माण हटाया। निगम आयुक्त राजीव पांडेय भी मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चिन्हांकित थी और कई नोटिस देने के बाद यह कार्रवाई अंतिम रूप में की गई।
आरोपी करण साव के भाई सूरज साव ने आरोप लगाया कि निगम ने जानबूझकर केवल उनके मकान को टारगेट किया। उल्लेखनीय है कि करण साव पहले अपने भाई शिवम साव की हत्या में शामिल था और जेल से छूटने के बाद विकास प्रजापति पर झारखंड से बुलाए गए 3 शूटरों से हमला करवाने की कोशिश की थी, जिसमें निशाना चूक गया था। इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।





