कुचनूर कोरंडम खदान क्षेत्र से विधिवत प्रक्रिया के बिना की जा रही अवैध कटाई – विक्रम मंड़ावी

बीजापुर। बस्तर संभाग के जिला मुख्यालय बीजापुर में मंगलवार को विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह सरकार बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों की खुलेआम लूट मचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, बस्तर के लोहा, टिन, जल, जंगल, जमीन और अब कोरंडम जैसे बेशकीमती संसाधनों को अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले करने का घिनौना खेल शुरू हो गया है। विक्रम मंडावी ने बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक के ग्राम कुचनूर में स्थित कोरंडम खदान को लेकर खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह खदान वर्षों से बंद थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता संभालते ही इसे अपने चहेते उद्योगपतियों को सौंपने की साजिश रच डाली। हाल के दिनों में कुचनूर कोरंडम खदान में विधिवत प्रक्रिया के बिना गुपचुप तरीके से जंगल की कटाई साफ-सफाई शुरू कर दी गई है, जो इस लूट का स्पष्ट प्रमाण है।
बीजापुर विधायक विक्रम मंड़ावी ने कहा कोरंडम खदान को चोरी-छिपे शुरू करने की साजिश क्यों रची जा रही है? कुचनूर कोरंडम खदान का ठेका किसे सौंपा गया है? खदान में अवैध रूप से काम कौन कर रहा है? क्या पर्यावरण और वन विभाग से खदान शुरू करने की अनुमति ली गई है? हजारों पेड़ों की कटाई की इजाजत किसने दी? इस लूट में भाजपा नेताओं की क्या भूमिका है? बीजापुर के किस भाजपा नेता के इशारे पर जंगल साफ किया जा रहा है? रायपुर के कैलाश चंद्र अग्रवाल कौन हैं और उनका भाजपा से क्या रिश्ता है? स्थानीय प्रशासन को इस लूट की जानकारी क्यों नहीं दी गई? वर्षो से बंद पड़े कोरंडम खदान को पुन: प्रारम्भ करने के पीछे की मंशा क्या है? अब इस कोरंडम खदान को किसके द्वारा पुन: प्रारम्भ किया जा रहा है। इसकी एजेंसी कौन है? यदि इस कोरंडम खदान का निजीकरण किया जा रहा है तो इसकी प्रक्रिया क्या होगी? यह खदान जिस ग्राम पंचायत या नगर पंचायत के क्षेत्राधिकार में आता है क्या उसका अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया गया है? बंद पड़े इस कोरंडम खदान को पुन: प्रारम्भ करने के लिए क्या क्षेत्रवासियो के सुझाव, सहमति, एवं आपत्तियाँ प्राप्त कर इन का निराकरण कर लिया गया है?क्या कोरंडम उत्खनन के लिए पंचायत अधिनियम और पेसा कानून का पालन किया जा रहा है।
विधायक मंडावी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि, भोपालपटनम के कुचनूर कोरंडम खदान में भाजपा सरकार के इशारे पर बीजापुर के भाजपा नेता संजय लुंकड़ द्वारा बेशकीमती वनों का विनाश किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि, भाजपा तत्काल संजय लुंकड़ की भूमिका को स्पष्ट करे, वरना जनता इसे उनकी मिलीभगत मानेगी। विधायक विक्रम मंडावी ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार कायदे कानून को ताक पर रख कर भाजपा सरकार के संरक्षण में भाजपा नेताओं से कोरंडम खदान में अवैध उत्खनन का काम करवा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति हमेशा से जनविरोधी और उद्योगपति हितैषी रही है। बस्तर की प्राकृतिक संपदा को लूटने की इस साजिश को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। विक्रम मंडावी ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और भाजपा की इस लूट के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
