बृहस्पत सिंह कांग्रेस में परेशान हैं, तो भाजपा में शामिल हो जाएं: पुरन्दर

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर प्रदेश में सियासत जारी है। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने बीते दिनों कई गंभीर आरोप लगाए हैं । उनके बयानों पर जिला कांग्रेस कमेटी ने एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उनके इस पर बयान पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि अगर बृहस्पत सिंह कांग्रेस में परेशान हैं, तो वे बीजेपी में शामिल हो जाएं। बीजेपी बड़े दिल वाली पार्टी है।
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि बृहस्पत सिंह कांग्रेस के पुराने आदिवासी नेता हैं। वे अपने मन की बात खुलकर बोल देते हैं। कांग्रेस हमेशा से आदिवासियों को अपमानित और बेइज्जत करते रही है। पहले भी कांग्रेस के आदिवासी नेता अमरजीत भगत से बदतमीजी की गई थी। और अब बृहस्पत सिंह को अपमानित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासियों का अपमान करना गलत है। अगर बृहस्पत सिंह कांग्रेस में परेशान हैं, तो भाजपा में शामिल हो जाएं। भाजपा बड़ी हृदय पार्टी है। समुद्र में एक लोटा पानी आए या चला जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता है।
गौरतलब है कि शनिवार को कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने 5 से 7 लाख रुपए लेकर जिला अध्यक्ष की नियुक्ति का आरोप लगाया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ सह प्रभारी जरिता लैतफलांग पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी शैलजा कुमारी ने भी पैसे लेकर टिकट वितरण किया था।







