नक्सलियों द्वारा लगाये गये आईईडी व विस्फोटक सामग्री बरामद, नक्सल स्मारक ध्वस्त

बीजापुर। जिले में चल रहे एंटी नक्सल अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने गंगालूर इलाके में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए विस्फोटक सामग्री बरामद की है। वहीं दूसरी ओर पेद्दाजोजेर के जंगल में नक्सलियों द्वारा बनाया गया करीब 7 फीट ऊंचा स्मारक भी ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कावडग़ांव कैंप से करीब 3.8 किलोमीटर दूर हीरमगुंडा के पास इरामांगी के घने जंगल में सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान तलाशी लेते समय डॉग स्क्वायड के फिडल ने एक संदिग्ध स्थान की ओर संकेत किया। इसके बाद मौके पर बीडीडीएस टीम ने क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच के दौरान वहां से सुरक्षाबलों ने दो इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, लगभग डेढ़ किलो गन पाउडर, चार जिलेटिन रॉड और 25 से 30 मीटर कोर्डेक्स वायर बरामद किया।
इसी कड़ी में गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर जंगल में डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा 202 की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन के दौरान माओवादियों द्वारा बनाया गया करीब 7 फीट ऊंचा स्मारक गिरा दिया। बताया जा रहा है कि माओवादी इस तरह के स्मारकों के जरिए इलाके में डर और प्रभाव का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं, जिसे समाप्त करने के उद्देश्य से इसे ध्वस्त किया गया। वहीं दूसरी ओर भोपालपटनम थाना क्षेत्र के कोण्डापडग़ु जंगल में केरिपु 214 की टीम डिमाइनिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को बीयर की बोतलों में छिपाकर लगाए गए दो आईईडी मिले। मौके पर मौजूद बीडीडी टीम ने सतर्कता बरतते हुए दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नक्सलियों के प्रभाव को समाप्त करने के लिए विस्फोटक के जाल, छिपे हथियार और डर फैलाने वाले प्रतीकात्मक नक्सली स्मारक के ढांचों को लगातार चिन्हित कर हटाया जा रहा है।







