केटीयू में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) में होली मिलन समारोह उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। जनसंचार विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के संचार सभागार में हुई, जहां विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान डीजे की धुनों पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी एवं फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव के माहौल को और भी जीवंत बना दिया। पूरे विश्वविद्यालय परिसर में रंगों, संगीत और आनंद का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। समारोह के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए होली के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला और प्रेम, भाईचारे एवं सकारात्मक सोच के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक है, जो समाज को जोडऩे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को सदैव प्रेम, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने तथा सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।







