हिमानी वासनिक को बिलासा लोककला सम्मान

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को समर्पित 36वां बिलासा महोत्सव 2026 बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायिका हिमानी वासनिक को भरथरी लोकगायन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बिलासा लोककला सम्मान से सम्मानित किया गया।
महोत्सव के दौरान हिमानी वासनिक ने अपनी सशक्त और भावपूर्ण प्रस्तुति से भरथरी लोकगाथा का गायन किया, बता दे कि हिमानी की माताश्री कविता वासनिक छत्तीसगढ़ प्रदेश में स्वर कोकिला के नाम से पहचाना जाता है, वही उनकी शिक्षा अंतर्राष्ट्रीय भरथरी कलाकार रेखा जलक्षत्रिय से प्राप्त की,मंच में कला प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति में उज्जैन के राजा भरथरी के वैराग्य और जीवन दर्शन की कथा को लोकधुनों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रजनीश पांडेय ने की। महोत्सव के संस्थापक डॉ. सोमनाथ यादव तथा अध्यक्ष महेश श्रीवास की उपस्थिति में कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बिलासा महोत्सव छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमी और शहरवासी उपस्थित रहे।







