उच्च शिक्षा विभाग ने जारी की अंतिम सूचना, दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित होना अनिवार्य

रायपुर. उच्च शिक्षा विभाग ने प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 के अंतर्गत तृतीय और अंतिम अवसर के रूप में 254 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन का मौका दिया है। कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, नवा रायपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सूचीबद्ध अभ्यर्थियों को 6 फरवरी, शुक्रवार को अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों और सत्यापन प्रपत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय, उच्च शिक्षा, विज्ञान महाविद्यालय परिसर, रायपुर में प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक संपन्न की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह तृतीय एवं अंतिम अवसर है और निर्धारित तिथि व समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों का आगे किसी भी प्रकार का दावा मान्य नहीं होगा। ध्यान देने योग्य है कि दस्तावेज सत्यापन का मतलब चयन सूची में नाम शामिल होना नहीं है; अंतिम निर्णय आयुक्त, उच्च शिक्षा द्वारा लिया जाएगा।







