पुलिस के लिए हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अपराध जांच अब और तेज़ और सुरक्षित

अपराधों की तफ्तीश और साक्ष्यों के सुरक्षित संग्रहण की दिशा में नर्मदापुरम पुलिस अब पहले से कहीं अधिक सक्षम और आधुनिक हो गई है। जिले को एक अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन (लैब ऑन व्हील्स) मिली है, जो अपराध स्थल पर ही वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के संग्रह में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। एसपी सांई कृष्णा थोटा के अनुसार, यह वैन किसी चलती-फिरती फॉरेंसिक लैब से कम नहीं है और इसमें 70 से ज्यादा आधुनिक तकनीकी उपकरण मौजूद हैं। वैन में डीएनए, फिंगरप्रिंट, खून के नमूने, बाल और हथियारों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष किट और जैविक नमूनों को खराब होने से बचाने के लिए रेफ्रिजरेटर की सुविधा है। मौके पर ही साक्ष्यों का दस्तावेजीकरण करने के लिए वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और फोटोकॉपी की मशीनें उपलब्ध हैं। इससे पहले नमूनों को इंदौर या भोपाल लैब भेजने में समय लगता था और फिंगरप्रिंट या खून के नमूने दूषित होने का खतरा रहता था। अब इस वैन के माध्यम से प्राइमरी जांच मौके पर ही संभव होगी, जिससे जांच की गुणवत्ता बढ़ेगी और मामलों का निपटारा तेजी से होगा। यह हाईटेक वैन जिले के सभी प्रमुख अपराध स्थलों पर भेजी जाएगी और भविष्य में इसमें और आधुनिक उपकरण जोड़ने का प्रावधान भी रखा गया है। तकनीक आधारित इस नई व्यवस्था से अपराधियों को सजा दिलाने में वैज्ञानिक साक्ष्य अब सबसे बड़ी कड़ी साबित होंगे।







