फ्रिज शॉर्ट सर्किट से आग लगी, चार परिवार बेघर

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित योगेश्वर टेकरी क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण अग्निकांड में चार परिवारों के घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। आग की शुरुआत एक मकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से हुई, जिससे जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने लकड़ी व टीन शेड से बने आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मदनलाल, रमेश द्रोणावत, ओम ललावत सहित चार परिवारों का सारा घरेलू सामान और जीवनभर की पूंजी जलकर नष्ट हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सभी परिवार बेघर हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद और विधायक मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को ढांढस बंधाया। विधायक ने तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की नकद सहायता दी तथा अस्थायी आवास के लिए बल्ली और टीन शेड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नुकसान का आकलन कर मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से अतिरिक्त मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया, वहीं प्रशासन ने राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू कर दिए हैं







