नशे में पूर्व गृहमंत्री के बेटे का हंगामा, कार से दुकान में मारी टक्कर

शहर के इतवारी बाजार में उस समय हंगामा मच गया जब कथित तौर पर नशे में धुत पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने अपनी कार से एक दुकान को टक्कर मार दी। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार, जिस पर “पूर्व विधायक रामपुर” लिखा हुआ था, सीधे दुकान में जा घुसी जिससे दुकान को नुकसान हुआ। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों से आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज और विवाद किया। सूचना मिलने पर पुलिस संदीप कंवर को थाने ले गई, लेकिन वहां भी उसने हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया और अपने पिता का रौब दिखाते हुए थाने से ही गाड़ी लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि जिस दुकान को टक्कर मारी गई, उस पीड़ित परिवार की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।







