वनभूमि को कराया अतिक्रमणमुक्त, प्रभावितों ने लगाए गंभीर आरोप

मनेन्द्रगढ़। वनमंडल मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत उपवनमंडल जनकपुर के वन परिक्षेत्र कुंवारपुर के कक्ष क्रमांक 1267 में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया । मनेंद्रगढ़ तिराहा स्थित वन भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसके लिए विभाग ने पहले भारतीय वन अधिनियम के तहत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कब्जा नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई करते हुए एक निर्माणाधीन मकान को ढहाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र पहले कई सड़क हादसे हो चुके हैं। विभाग ने कहा कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा। इस दौरान प्रभावित लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बद्री प्रसाद गुप्ता (दुकानदार) ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से यहां चाय और समोसा बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनको कोई नोटिस दिया गया और न ही जानकारी दी गई। अचानक पहुंची टीम ने उनका ठेला और मकान गिरा दिया। एक अन्य दुकानदार सोनू गुप्ता ने इसी तरह का आरोप लगाया है । उनका मोबाइल और दुकान की चाबी तक छीन ली गई। उन्हें किसी प्रकार की रसीद या सुपुर्दगी नहीं दी गई। .
विकास निकुंज उपवन संरक्षक प्रभारी, वन परिक्षेत्र अधिकारी कुंवारपुर ने बताया कि यह कार्रवाई वन मंडल अधिकारी के निर्देश और उपवन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन में की गई। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को पहले ही 80A के तहत नोटिस और बेदखली आदेश दिए जा चुके थे। पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन दोबारा कब्जा कर लिया गया था। आज दो मकानों को ध्वस्त किया गया और एक निर्माणाधीन मकान को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यदि कक्ष क्रमांक 1267 से अतिक्रमण पूरी तरह हट जाता है, तो आने वाले समय में यह क्षेत्र न केवल सुरक्षित होगा बल्कि इसकी प्राकृतिक सुंदरता भी निखरेगी और विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी।







